आगरा, 7 दिसंबर(बु.)। आगरा में मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य का वर्चुअल शुभारंभ करने के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि कानून लेकर भी लोगों से बातचीत की। उन्होने कहा कि जो कानून पिछली शताब्दी में उपयोगी हुए वह अगली शताब्दी के लिए बोझ बन जाते हैं। इसी कारण इनमें रिफार्म जरूरी है। इससे पहले तो रिफार्म टुकड़ों में होते थे, अब सपूर्णता के साथ रिफार्म किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम रेरा का कानून लेकर आए। इस कानून के बाद मिडिल क्लास के घर तेजी से पूरे होने शुरू हुए हैं। इसी के साथ हमारे शहरों में बड़ी समस्या है, बड़ी संख्या में खाली पड़े घरों की। इसे दूर करने के लिए एक कानून बनाकर राज्यों को दिया जा चुका है। शहरों का जीवन आधुनिक बनाने के लिए काम चल रहा है। आगरा से भी प्रधानमंत्री आवास योजना की शुरुआत हुई थी। शहर के मध्यम वर्ग के लिए पहली बार घर खरीदने के लिए मदद की जा रही है। इसके लिए 28 हजार करोड़ की मदद की जा चुकी है। इसी के साथ ही अमृत मिशन के तहत सिस्टम को अपग्रेड किया जा चुका है।



