अलीगढ़, 13 दिसंबर (बु.)। अतरौली के थाना पालीमुकीमपुर क्षेत्र में शादी की पार्टी नहीं देने पर एक युवक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी। युवक मौत से चार घंटे पूर्व ही अपनी नवविवाहिता दुल्हन को विदा करा कर लाया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपितों की गिरफ्तारी करने के लिए जुट गई। वहीं युवक की मौत से स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल था।
गांव पाली मुकीमपुर निवासी बबलू पशु व्यापारी था। युवक का विवाह सात साल पूर्व गांव कूड़ा पटियाली जिला कासगंज निवासी नगीना पुत्री जगन्नाथ के साथ हुआ था। शादी के बाद उनके एक बेटा रोहित व एक बेटी रिंकी हुई। मगर पिछले करीब दो साल से पत्नी नगीना काफी बीमार रहने लगी। जिस पर नगीना ने अपनी छोटी बहन बबली से शादी करने के लिए अपने पति बबलू को तैयार कर लिया जिसके चलते सोमवार को नगीना ने अपनी बहन बबली के साथ अपने पति की शादी करा दी और शाम चार बजे दुल्हन को विदा कराकर गांव पालीमुकीमपुर आ गए। परिवार में नई दुल्हन आने से हंसी खुशी का माहौल था। रात्रि करीब आठ बजे घर के ही निकट रहने वाले चार युवकों ने बबलू को अपने घर बुला लिया और शादी की पार्टी देने के लिए जिद करने लगे। जिस पर बबलू ने शराब आदि पिलाने से साफ इंकार कर दिया। जिस पर चारों युवक आक्रोशित हो गए और बबलू के सीने पर चाकू से वार कर दिये। युवकों ने बबलू के सीने पर एक के बाद एक तीन से चार बार चाकू से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया और युवक के शव को घर के बाहर रोड पर फेंक कर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई। वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।



