हरियाणा, 09 फरवरी (बु.)। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत मंगलवार को करीब 12 बजे पानीपत पहुंचे। वह कुरुक्षेत्र के गुमथला जाते हुए पानीपत में रुके। पानीपत टोल प्लाजा पर उनका स्वागत हुआ। करीब छह मिनट तक वह पानीपत में रुके। इसके बाद गुमथला के लिए रवाना हो गए। लाल किले पर केसरिया झंडा फहराने के आरोपित दीप सिद्धु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस पर टिकैत ने कहा कि यह सही कार्रवाई हुई है। टिकैत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर कहा कि उन्होंने गलत कहा। किसानों को आंदोलनजीवी, परजीवी कहना गलत है। दो मिनट ही मीडिया से मिले। इसके बाद बोले कि अब आगे जाना है। आते हुए लंगर खाकर जाएंगे। इसके बाद काफिले के साथ कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हो गए। बता दें कि पानीपत टोल प्लाजा पर करीब दो महीने से किसान धरने पर बैठे हैं। चक्का जाम में भी किसानों ने शांतिपूर्ण से समर्थन देते हुए इसे सफल बनाया। वहीं लंगर भी लगातार जारी है। ऐसे में राकेश टिकैत यहां पर लोगों से मिलते हुए कुरुक्षेत्र को रवाना हुए। भारतीय किसान यूनियन के के नेता राकेश टिकैत की गुमथला में किसान महापंचायत है। टिकैत की महापंचायत में हरियाणा ही नहीं पंजाब और उत्तर प्रदेश से भी लोग आ रहे हैं। इसमें कैथल, पटियाला, अंबाला, कुरूक्षेत्र, यमुनानगर, सहारनपुर, पंचकूला, मेरठ और करनाल आदि जिलों से अधिक किसान शामिल होंगे। यहां पर राकेश टिकैत आगामी आंदोलन को लेकर फैसला लेंगे। राकेश टिकैत को सुबह 11 बजे यहां पहुंचना था। हालांकि 12 बजे वह पानीपत से होकर गुजरे। पानीपत टोल पर उनका काफिला पहुंचते ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।



