गोरखपुर, फरवरी (बु.)। खेत में लहलहा रही गेहूं की फसल के नीचे के पत्ते यदि पीले पड़ रहे हैं तो किसान भाई सावधान हो जाएं। आपकी फसल में स्पाट ब्लोच नाम की बीमारी लग गई है। इसका निदान यदि शीघ्र नहीं किया गया तो यह रोग गेहूं की उपज आधी कर देगा। कृषि विज्ञान केंद्र, बेलीपार के वैज्ञानिक डा. एसके तोमर ने इस रोग की पहचान की है। उन्होंने बताया कि संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग कर और रोग का लक्षण सामने आने पर कुछ रासायनिक दवाओं का छिड़काव कर फसल को इससे निजात दिलाया जा सकता है। गोरखपुर-बस्ती मंडल में गेहूं की फसल का बड़ा रकबा इस समय स्पाट ब्लोच रोग की चपेट में आ गया है। गेहूं की पत्तियों के पीला पडऩे की जानकारी होने पर कृषि विज्ञान केंद्र बेलीपार के वैज्ञानिक डा. एसके तोमर ने दोनों मंडलों के जिलों का दौरा करने के बाद इस रोग की पहचान की। डा. तोमर बताते हैं कि इस रोग की चपेट में आने पर पहले गेहूं के जड़ के पत्ते पीले पड़ते हैं। बाद में इसका असर ऊपर के पत्तों और बाली पर भी पड़ता है। जिसकी वजह से उपज में 18 प्रतिशत से लेकर 50 प्रतिशत तक गिरावट तो आती ही है, गेहूं के दाने का दोनों सिरा काला भी पड़ जाता है।



