दिल्ली, 06 फरवरी (बु.)। दिल्ली में लॉकडाउन और उससे पहले से लंबित यातायात चालानों के निस्तारण के लिए अब दिल्ली राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएसएलएसए) ने यातायात की विशेष लोक अदालतें लगाने की तैयारी की है। ये लोक अदालतें 14 फरवरी को लगाई जाएंगी, लेकिन इस बार न्यायालय परिसर की जगह लोक अदालतों का आयोजन आरडब्ल्यूए के सहयोग से कॉलोनियों में होगा। इसलिए इस बार लोक अदालत को ‘घर-घर लोक अदालत’ का नाम दिया गया है।डीएसएलएसए के विशेष सचिव गौतम मनन ने बताया कि 14 फरवरी को डीएसएलएसए की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिससे लोग असानी से अपने चालानों का निस्तारण करा सकें। उन्होंने बताया कि इसके लिए लोगों को सिर्फ अपनी गाड़ी का नंबर लेकर लोक अदालत में जाना होगा और मौके पर ही चालानों का निस्तारण कर दिया जाएगा। मनन ने बताया कि लाखों की संख्या में यातायात चालान लंबित होने के चलते एक जिले में तीन लोक अदालतें लगाई जाएंगी।



