दिल्ली, 06 फरवरी (बु.)। कृषि कानूनों का विरोध कर रहे आंदोलनकारियों द्वारा किए गए चक्का जाम के आव्हान को लेकर लाल किले पर पुलिस व प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। लाल किले के बाहर पुलिस ने डंपर, बैरियर, जेसीबी और सीमेंट के बैरियर लगाकर मजबूत बैरीकेडिंग की है। इसके साथ ही बैरीकेडिंग के ऊपर कटीले तार भी लगाए गए हैं, जिससे अगर कोई आंदोलनकारी लालकिले तक पहुंच भी जाए तो किसी भी स्थिति में अंदर प्रवेश न कर सके। लाल किले के अंदर बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों की तैनाती की गई है। झंडा फहराने वाली जगह पर सीआरपीएफ के जवानों को मुस्तैद रखा गया है। उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त एन्टो अल्फोंस ने सुबह 10 बजे लालकिला आकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही डंपर के ऊपर भी खड़े होकर पुलिसकर्मियों से चारों तरफ नजर रखने के लिए कहा। इसके बाद चार पुलिसकर्मियों को बैरीकेड के रूप में लगे मिट्टी से भरे डंपर के ऊपर भी तैनात कर दिया गया। वहीं, 15 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लाल किले के बाहर सिविल ड्रेस में लगाई गई है, जो यहां से गुजरने वाले हर व्यक्ति पर नजर रख रहे हैं। साथ ही किसी भी व्यक्ति को लाल किले के आस पास खड़ा नहीं होने दिया जा रहा है। लाल किले के सामने लालबत्ती के बीच के कट को भी बैरियर लगाकर बंद किया गया है।



