दिल्ली, 06 फरवरी(बु.)। तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों को रद करने की मांग को लेकर दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर हरियाणा और पंजाब के किसानों का धरना-प्रदर्शन शनिवार को 73वें दिन पहुंच गया है। वहीं भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत एक उम्मीद बंधाते नजर आ रहे हैं। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि 2 महीने से भी अधिक समय से धरना-प्रदर्शन कर रहे किसान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के लिए तैयार हैं। पीएम मोदी से बातचीत को लेकर भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत का कहना है- ‘कौन सा नंबर है? नंबर दे दो। हमने अपना नंबर उनको दे रखा है। मैंने नंबर सार्वजनिक कर रखा है। उस नंबर पर लोग मुझे गाली देते हैं। तो प्रधानमंत्री भी अपना नंबर दे दें। हम कॉल कर लेंगे उनको।’ राकेश टिकैत ने सकारात्मक अंदाज में कहा है कि वे पीएम मोदी के बुलावे का इंतजार कर रहे हैं। पीएम मोदी अपना नंबर उन्हें दे दें जिससे वे फोन कर सकें।



