लखनऊ, 05 फरवरी (बु.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं। इस बाबत उनके द्वारा शुरू कराए गए प्रयासों के नतीजे दिखने लगे हैं। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग यूपी के युवाओं को विदेश में रोजगार हासिल करने के मौके मुहैया कराएगा। कौशल विकास विभाग ने युवाओं के लिए अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म कोर्सेरा के माध्यम से निशुल्क ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू किया है। इससे प्रदेश के युवा अंतरराष्ट्रीय मानकों पर ट्रेनिंग हासिल कर इंडस्ट्री के लायक बन सकेंगे। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के अनुसार अब तक उत्तर प्रदेश के 50 हजार युवाओं को अमेरिका में स्थित डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म कोर्सेरा के जरिए प्रशिक्षण दिलाए जाने की व्यवस्था की है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद इन युवाओं को कोर्सेरा की ओर से सार्टिफिकेट भी उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग के अनुसार ट्रेनिंग के बाद युवाओं को मिलने वाले सार्टिफिकेट की मान्यता विश्व के कई देशों में है। इससे देश के युवाओं को विदेश में जाकर नौकरी करने के अवसर प्राप्त होंगे।



