मुजफ्फरनगर, 5 फरवरी (बु.)। रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव भनवाड़ा में निकाह के लिए लड़की देखने आए पिता-पुत्री को लड़की पक्ष ने बंधक बना लिया। विरोध करने पर उन्हें धमकी दी गई साथ ही रिहाई के एवज में 50 हजार रुपये की मांग रखी। पीड़ितों ने किसी तरह अपने स्वजनों को जानकारी दी।जनपद के गांव जोगिया खेड़ा निवासी दिलशाद पुत्र जुम्मा अपनी बेटी सलमा के साथ रतनपुरी के गांव भनवाड़ा में कल्लू पुत्र फजलू के यहां अपने बेटे के लिए लड़की देखने आया था। जिस लड़की से निकाह किया जाना था, उसके हाथ पर सफेद फूल बने हुए थे। इसको लेकर लड़के पक्ष में रिश्तेदारी जोड़ने से इनकार कर दिया। इससे गुस्साए लड़की पक्ष ने पिता पुत्री को बंधक बना लिया और उन्हें यातनाएं दी। लड़की के परिजनों ने पिता-पुत्री को छोड़ने के लिए शर्त रखी दी कि लड़के को बुलाओ और लड़की से निकाह करके ले जाओ। ऐसा नहीं करने 50 हजार रुपये की मांग की गई। लड़के के पिता ने अपने गांव जोगिया खेड़ा फोन करके घटना की जानकारी दी। जिस पर जोगिया खेड़ा गांव के लोग रतनपुरी थाने पहुंचे और थानाध्यक्ष को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की और लड़की पक्ष के कब्जे से पिता पुत्री को बंधन मुक्त कराया।



