दिल्ली, 04 फरवरी (बु.)। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने कृषि कानून विराेधी आंदोलन के दौरान बार्डर पर सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को लाने और ले जाने के लिए स्पेशल हायर बसों की सेवा वापस ले ली है। इस बाबत डीटीसी ने स्पेशल हायर बसों को पुलिसकिर्मियों को ना देने का निर्देश दिया है। ये बसें दिल्ली पुलिस, पैरा मिलिट्री फोर्सेस और अन्य जवानों को लाने और ले जाने के काम कर रही थी। बहरहाल इस सेवा को बंद करने से सुरक्षाकर्मियों को एक जगह से दूसरे जगह पर लाने और ले जाने में काफी दिक्कतें आएंगी। बुधवार को डीटीसी के परिवहन विभाग ने तत्काल प्रभाव से सभी डिपो प्रबंधकों को स्पेशल हायर में लगी बसों को हटाने का आदेश दिया है। इस पर डीटीसी प्रशासन ने यात्रियों को दिल्ली की सड़कों पर बस ना मिलने से दिक्कतों की बात कही है। आपको बता दें कि 26 जनवरी को किसानों के ट्रैक्टर मार्च के दौरान दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हुई हिंसा के चलते कई बसों में तोड़फोड़ हुई थी, जिसमें डीटीसी को काफी नुकसान हुआ है। इन बसों की संख्या 45 के करीब बताई जा रही है। डीटीसी प्रबंधन के अनुसार, बसों के स्पेशल हायर में लगे होने की वजह से सड़कों पर बसों की संख्या कम हो गई थी। इस वजह से यात्रियों को बस मिलने में काफी मुश्किल हो रही थी। इन बसों का इस्तेमाल सुरक्षाकर्मियों के लिए किया जा रहा था।



