आगरा, 03 फरवरी (बु.)। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) का पेपर वाट्सएप पर लीक करने वाले विकास यादव बुधवार को एसटीएफ ने दबोच लिया। आगरा से पुलिस की टीम उसकी गिरफ्तारी को वहां गई थी। एसटीएफ से उसे लेकर पुलिस आगरा के लिए आ रही है। रात तक उसे लेकर यहां पहुंचने की उम्मीद है। उससे पूछताछ में प्रयागराज के एक अन्य युवक का नाम सामने आया है। सीटेट की परीक्षा रविवार को हुई थी। सुबह 9.30 बजे से शुरू होने वाला पेपर वाट्सएप पर साल्वर गैंग ने 7.26 बजे ही वायरल कर दिया था। आगरा की एपेक्स कैरियर क्लासेज के संचालक विकास शर्मा, शिक्षक प्रभात, छात्र कुलदीप फौजदार, थान सिंह और माेहित यादव को गिरफ्तार कर पुलिस ने मंगलवार को इसका पर्दाफाश कर दिया था। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया था कि मोहित यादव के मोबाइल पर इलाहाबाद से विकास यादव ने साल्व पेपर रविवार को सुबह 7.26 बजे वाट्सएप किया था। विकास मूलरूप से प्रतापगढ़ के खुर्दह सराय का रहने वाला है। वह प्रयागराज के एक कोचिंग सेंटर से जुड़ा है। आगरा पुलिस के साथ-साथ एसटीएफ भी उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि एसटीएफ की मदद से बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रयागराज के एक अन्य युवक का नाम भी सामने आया है। उस युवक ने विकास यादव को साल्व पेपर वाट्सएप किया था। अब उसकी तलाश में भी पुलिस की एक टीम प्रयागराज भेजी गई है। प्रयागराज पुलिस की भी इसके लिए मदद ली जा रही है। आशंका है कि अभी इसमें कई और कड़ी हैं। विकास यादव से पूछताछ कर उनके बारे में जानकारी की जाएगी।



