गाजियाबाद, 28 जनवरी (बु.)। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में पांचवीं कक्षा के बच्चे ने अपने पिता से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांग ली। बच्चे ने पहले फर्जी ई-मेल आइडी बनाई और इस आइडी से मेल पर यह रंगदारी मांगी। पुलिस से शिकायत के बाद साइबर सेल ने मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस बच्चे से पूछताछ कर रही है। इंदिरापुरम क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति सरकारी अधिकारी हैं। पिछले कुछ समय से उनके पास धमकी भरे ई-मेल आ रहे थे और मेल के जरिये उनसे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी। इस संबंध में उन्होंने सर्विस प्रोवाइडर से शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद उन्होंने साइबर सेल में शिकायत की। इसके बाद साइबर सेल ने मामले की जांच की। जांच के दौरान पता चला कि मेल अधिकारी के घर से ही किया गया है। इसके बाद साइबर सेल के अधिकारियों ने परिवार के सभी सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि यह कारनामा अधिकारी के 11 साल के बेटे ने किया था। साइबर क्राइम सेल के प्रभारी सुमित कुमार ने बताया बच्चे को कुछ समय पहले स्कूल की आनलाइन क्लास में कंप्यूटर क्लास के दौरान साइबर अपराध और उनसे बचने के संबंध में जानकारी दी गई थी। इसके बाद बच्चे ने यू-ट्यूब पर हैकिंग के कुछ वीडियो देखकर जानकारी जुटाई। फिर उसने फेक ई-मेल आइडी बनाकर पिता से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांग ली। पुलिस इस संबंध में बच्चे से पूछताछ कर रही है।



