नोएडा, 24 जनवरी (बु.)। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2021 में नोएडा के होनहार छात्र चिराग भंसाली का चयन हुआ है। बाल पुरस्कार विजेताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 जनवरी को वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिये बात करेंगे। दरअसल सेक्टर-40 के रहने वाले चिराग भंसाली सेक्टर-30 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र हैं। चाइनीज एप पर सरकार के प्रतिबंध के बाद उन्होंने स्वदेशी टेक नामक एक वेबसाइट बनाई है। इस प्लेटफार्म पर भारतीय यूजर्स के लिए चीन के हर प्रतिबंधित एप का विकल्प मौजूद है। इन एप के रिप्लेसमेंट की पूरी लिस्ट वेबसाइट पर आसानी से उपलब्ध है। यह विचार उन्हें क्लासरूम में बैठे-बैठे आया, जब शिक्षकों को कैम स्कैनर एप का उपयोग करते देखा, जोकि चाइनीज एप है। इसके बाद उन्होंने स्वदेशी टेक नामक वेबसाइट पर काम करना शुरू कर दिया। मात्र एक सप्ताह में वेबसाइट बनाकर तैयार कर दी, जिसे 12 जून 2020 को लांच किया गया। वर्तमान में, चिराग मोबाइल एप बनाने पर काम कर रहे है, जिसे जल्द लांच किया जाएगा। इसमें नई सुविधाएं शामिल होंगी। बता दें, मात्र 12 साल की उम्र में ही चिराग ने यूट्यूब के जरिये कोडिग करना सीख लिया था। वह ऐसी वेबसाइट भी बना चुके हैं, जो डिजाइनरों के लिए उपकरण उपलब्ध कराती है। क्विज प्रतियोगिताओं में अव्वल रह चुके हैं। आपको बता दे की 20 अक्टूबर 2019 को सूचना प्रौद्योगिकी परामर्श सेवाएं और व्यवसाय सुविधाएं प्रदान करने वाली अग्रणी कंपनी टाटा कंसलटेंसी सर्विसेस द्वारा दिल्ली में आयोजित टीसीएस आइटी विज में चिराग विजेता रह चुके है। बता दें कि टीसीएस आइटी विज भारत के स्कूलों के लिए आयोजित की जाने वाली सबसे बड़ी टेक्नोलाजी क्विज है। इस प्रतियोगिता में डीपीएस नोएडा के प्रणव धीर और चिराग भंसाली ने प्रथम स्थान हासिल किया था। प्रमुख अतिथि अशोक गुलाटी (एक्टिग निदेशक आइआइटी दिल्ली) ने उन्हें विशेष ट्राफी और गिफ्ट वाउचर्स से पुरस्कृत किया था। इसके बाद उन्होंने मुंबई में आयोजित राष्ट्रीय अंतिम राउंड प्रतियोगिता में दिल्ली का प्रतिनिधित्व किया था।



