लखनऊ, 22 जनवरी (बु.)। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण से बड़ी जंग के लिए देश के साथ प्रदेश में भी वृहद स्तर पर कोविड वैक्सीनेशन जारी है। कोरोना वॉरियर्स यानी स्वास्थ्य कर्मियों को वरीयता पर इसकी पहली डोज दी जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को 1.48 लाख स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी। सीएम योगी आदित्यनाथ लखनऊ में इस का जायजा ले रहे हैं। आज सीएम योगी ने लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में वैक्सीनेशन का जायजा लिया। यूपी में कोरोना टीकाकरण के लिए सुरक्षा के भी पर्याप्त इंतजाम हैं। सभी कोल्ड चेन प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। टीकाकरण से संबंधित किसी भी तरह की समस्या के लिए राज्य हेल्प लाइन नंबर -104 और राष्ट्रीय हेल्प लाइन नंबर- 1075 पर संपर्क किया जा सकता है। अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि कोविड पोर्टल पर सभी स्वास्थ्य कर्मियों का पहले ही पंजीकरण करवाया जा चुका है। 28 जनवरी व 29 जनवरी को भी इतने ही स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाए जाएंगे।



