मेरठ, 19 जनवरी (बु.)। बालीवुड अभिनेता सैफ अली खान स्टारर वेब सीरीज तांडव का पूरे देश के साथ मेरठ में भी विरोध शुरू हो गया है। आरोप है कि निर्देशक अली अब्बास जफर की नई वेब सीरीज तांडव में हिन्दू देवी-देवताओं के अपमान और जातिगत भावनाओं को भड़काने की वजह से सोशल मीडिया पर इस सीरीज को तत्काल बैन करने की मांग की जा रही है, तो वहीं मेरठ में हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने फिल्म का विरोध किया। साथ ही निर्देशक और निर्माता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए सिविल लाइन थाने में तहरीर दी। हिंदू जागरण मंच के महानगर अध्यक्ष सचिन सिरोही की तरफ से दी गई तहरीर में बताया कि वेब सीरीज तांडव को बनाने और रिलीज कराने वालों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा होना चाहिए। ओटी प्लेटफार्म अमेजन प्राइम वीडियो की ओरिजनल कंटेंट हेड इंडिया अपर्णा पुरोहित, तांडव वेब सीरीज के डायरेक्टर अली अब्बास जफर, प्रोड्यूसर हिमांशु कृष्णा मेहरा और राइटर गौरव सोलंकी को भी तहरीर में आरोपित बनाया है। इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान सिद्दीकी ने बताया कि तहरीर की अभी जांच की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।



