दिल्ली, 18 जनवरी (बु.)। कोरोना महामारी के कारण लंबे समय से बंद पड़े स्कूल सोमवार से खुल गए हैं। फिलहाल स्कूल केवल कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए खोले गए हैं, ताकि वे बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर सकें। छात्रों के लिए सभी कक्षाओं को सैनिटाइज करने के साथ-साथ पूरे स्कूल परिसर में कोरोना से बचाव को लेकर जागरूकता बोर्ड भी लगाए हैं। वहीं, स्कूलों को शिक्षा निदेशालय द्वारा तय की गई मानक संचालन प्रक्रिया के जरिये ही छात्रों को बुलाया गया है। इसके साथ ही स्कूलों को आने वाले छात्रों का रिकार्ड भी रखना होगा। हालांकि रिकार्ड का इस्तेमाल अटेंडेस के लिए नहीं किया जा रहा है। वहीं, कुछ निजी स्कूल ऐसे भी हैं, जहां कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों की आनलाइन माध्यम से प्री-बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं, वे स्कूल अभी नहीं खुलेंगे। इनमें पूसा रोड स्थित स्पि्रंग डेल्स, बाराखंभा रोड स्थित माडर्न स्कूल समेत कुछ अन्य निजी स्कूल शामिल हैं। स्प्रिंग डेल्स की प्रधानाचार्या अमिता मुल्ला वॉतल ने बताया कि कक्षा 10वीं-12वीं के छात्र अभी आनलाइन माध्यम से प्री-बोर्ड की परीक्षाएं दे रहे हैं। ऐसे में स्कूल जनवरी के आखिरी सप्ताह में खोला जाएगा।



