हरियाणा, 11 जनवरी (बु.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विरोधियों को करारा जवाब देते उनसे पूछा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के लिए क्या कुछ नहीं किया है। मनोहर लाल ने हर खेत तक पानी पहुंचाने की योजना शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि प्रत्येक किसान को कम से कम एक लाख रुपये की आय की गारंटी सरकार देगी। चंडीगढ़ में पत्रकारों से रू-ब-रू मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी बंगाल सरीखे राज्यों में लाल झंडे वालों के पैर उखड़ चुके हैं। अब वह चाहते हैं कि कांग्रेस के साथ मिलकर हरियाणा में पैर पसार लें, लेकिन यहां कम्युनिज्म ठहर नहीं सकता। उन्होंने कहा कि मोदी ने किसानों के लिए बहुत कुछ किया। जब भी कोई नई व्यवस्था या योजना बनती है तो उसका विरोध होता है। बाद में सबको अच्छी लगती है। जब जीएसटी का विरोध हुआ था, तब व्यापारियों ने इसका विरोध किया, मगर आज उन्हें यह काफी पसंद आ रही है। 1990 में ग्लोबलाइजेशन का विरोध हुआ था, मगर जैसे-जैसे बाहरी कंपनियां आई, उन्होंने देश में प्रगति के द्वार खोल दिए। मनोहर लाल ने कहा कि तीनों कृषि कानून अनिवार्य नहीं है। प्राइवेट मंडी में यदि किसी किसान को अधिक रेट मिलते हैं तभी वह अपनी फसल बेचे। भंडारण के बिना हमारी एक लाख करोड़ रुपये की फल व सब्जियां हर साल खराब हो जाती हैं। हरियाणा में पांच हजार करोड़ रुपये के फल व सब्जियां खराब हो रहे हैं। उन्होंने हरियाणा में किसान हित में लिए जा रहे फैसले गिनाते हुए कहा कि राज्य में आठ से दस लाख एकड़ जमीन खराब है। सरकार उसे ठीक करने की योजना पर काम कर रही है।



