दिल्ली, 10 जनवरी (बु.)। रविवार को साल 2010-20 की आयकर रिटर्न फाइल करने की अंतिम तारिख है। अगर आपने अभी तक भी वित्त वर्ष 2019-20 या असेसमेंट ईयर 2020-21 के लिए इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल नहीं किया है, तो आपके पास आज अंतिम मौका है। आप केवल आज तक ही इसके लिए आईटीआर दाखिल कर सकते हैं। यह आईटीआर दाखिल करने की आखिरी तारीख 10 जनवरी, 2021 है। सरकार द्वारा पिछले महीने आईटीआर दाखिल करने की समयसीमा को बढ़ाया गया था। आयकर विभाग ने भी ट्वीट कर करदाताओं से आयकर दाखिल करने के लिए कहा है। आयकर विभाग ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘क्या आपने असेसमेंट ईयर 2020-21 के लिए आईटीआर दाखिल नहीं किया है? कृपया बढ़ी हुई आखिरी तारीख 10 जनवरी, 2021 तक इसे दाखिल कर दें। आपको बता दें कि आयकर विभाग ने कोरोना वायरस महामारी के चलते करदाताओं को हो रही असुविधाओं के कारण कई बार आईटीआर दाखिल करने की समयसीमा को बढ़ाया है। आखिरी बार विभाग ने पिछले महीने के आखिर में समयसीमा को बढ़ाया था।



