दिल्ली, 9 जनवरी (बु.)। देश भर में कोरोना वायरस की वैक्सीन को लगाने की तैयारी पूरी हो चुकी है और इसके लिए तारीख का एलान कभी भी हो सकता है। माना जा रहा है कि आगामी 13-14 जनवरी से देश में फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन लगाने के साथ इसकी शुरुआत हो जाएगी। इस बीच अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से गुजारिश की है कि देश के सभी लोगों कोरोना वायरस की वैक्सीन मुफ्त में लगाई जाए। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस बाबत ट्वीट किया है- ‘करोना सदी की सबसे बड़ी महामारी है। अपने लोगों को इस से सुरक्षित करना बेहद ज़रूरी है। मेरा केंद्र सरकार से निवेदन है कि करोना की वैक्सीन सभी देशवासियों को मुफ़्त लगवायी जाए। इस पर होने वाला खर्च ढेरों भारतीयों की जान बचाने में सहायक होगा।’ यहां पर गौर करने वाली बात यह है कि दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी सरकार पहले ही एलान कर चुकी है कि शहर की 2 करोड़ की आबादी को मुफ्त में कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी। इस बाबत पिछले दिनों सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी यह एलान किया था कि कोरोना की वैक्सीन दिल्ली के लोगों को मुफ्त में लगाई जाएगी। इससे पहले कई राज्यों सरकारें लोगों को मुफ्त कोरोन वायरस का टीका लगाने का एलान कर चुकी हैं।



