24.6 C
Muzaffarnagar
Sunday, November 8, 2026

दिल्लीः राजनाथ, शाह ने दीनबंधु सर छोटूराम की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

नयी दिल्ली, 09 जनवरी (वार्ता) रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को किसानों के मसीहा ‘दीनबंधु’ सर छोटूराम की पुण्यतिथि पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी निष्ठा से मातृभूमि की सेवा की और उनका पूरा जीवन गरीबों और किसानों के हितों के प्रति समर्पित रहा। दीनबन्धु छोटूराम की आज 76 वीं पुण्यतिथि है। उनकी मृत्यु 09 जनवरी 1945 को लाहौर में हुई थी। श्री सिंह ने दीनबन्धु छोटूराम को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ‘‘ किसानों के मसीहा और ‘दीनबंधु’ छोटूराम जी की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। उन्होंने पराधीन भारत में कृषि की समस्याओं के निदान के लिए संघर्ष किया एवं किसानों के हित में क़ानून बनवाने भी का काम किया। वे हमारे लिए एक आदर्श और प्रेरणा के स्रोत हैं।” श्री शाह ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा, “प्रेरक व्यक्तित्व के धनी ‘सर छोटू राम जी’ ने पूरी निष्ठा से मातृभूमि की सेवा की। उनका पूरा जीवन गरीबों व किसानों के हितों के प्रति समर्पित रहा। आज उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिशः नमन। मोदी सरकार सर छोटू राम जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए गरीब व किसान कल्याण के प्रति संकल्पित है।” चौधरी छोटूराम का जन्म 24 नवंबर 1881 में पंजाब प्रांत में रोहतक (अब हरियाणा) के गांव गढ़ी सांपला में हुआ था। उनका असली नाम रिछपाल था। घर में सबसे छोटे होने के कारण उनका नाम छोटू राम पड़ गया।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles