- मुरादनगर से 2 दिन पहले मुजफ्फरनगर के लिए बुक कराई गई थी कार
- बुधवार देररात चालक के टॉयलेट जाते ही कार लेकर फरार हुए 3 बदमाश
- सिविल लाइन पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर शुरू की आरोपियों की तलाश
मुजफ्फरनगर, 25 दिसंबर (बु.)। मुरादनगर से मुजफ्फरनगर में शादी के बहाने बुक कराई गई कार को तीन बदमाश रेलवे स्टेशन के पास से लेकर फरार हो गए। चालक कार को सड़क किनारे खड़ी कर टॉयलेट गया था। सिविल लाइन पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है हालांकि पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस यदि तत्परता दिखाती तो आरोपी पकड़ में आ सकते थे। आरोपी कार मालिक के तीन मोबाइल भी अपने साथ ले गए हैं। मुरादनगर के मिलकी नगर निवासी इरफान अपनी कार को किराए पर चलाता है इरफान का एक परिचित कार चालक तीन सवारियों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से लाया था। परिचित चालक ने इन सवारियों को मुजफ्फरनगर एक शादी में ले जाने की जिम्मेदारी दी थी। मंगलवार को इरफान तीनों सवारियों को लेकर चला था रात में वह कार लेकर रोहाना पहुंचा था लेकिन यह लोग किसी शादी में नहीं गए पूरी रात कार में ही बैठकर गुजारी थी। बुधवार सुबह यह लोग कार को लेकर मुजफ्फरनगर शहर में आ गए दिन भर दिन भर इधर-उधर घूमते रहे रात में तीन युवकों ने चालक के साथ शराब का सेवन किया। घुमते हुए यह लोग देर रात 11:00 बजे रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे थे। इसी बीच कार चालक इरफान कार को सड़क किनारे खड़ा कर पास में ही टॉयलेट करने चला गया। लापरवाही से वह चाबी कार में ही लगी छोड़ गया। इसी का फायदा उठाकर तीनों बदमाश कार लेकर फरार हो गए। इरफान वापस लौटा तो कार गायब देखकर उसके पैरों तले की जमीन खिसक गई कुछ देर तो वह बदहवास हालत में इधर-उधर दौड़ता रहा इसके बाद पीड़ित इरफान ने घटना की सूचना सिविल लाइन पुलिस को दी। पुलिस ने वायरलेस पर संदेश बदमाशों की घेराबंदी का प्रयास किया लेकिन कामयाबी नहीं मिल पाई। पुलिस ने इरफान की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित इरफान का कहना है कि कार में जीपीआरएस लगा है। कार के अंदर ही उसके तीन मोबाइल भी रह गए और मालिक का आरोप है कि पुलिस ने घटना को हल्के में लिया यदि सक्रियता दिखा दी तो आरोपी भाग नहीं पाते। वहीं सिविल लाइन थाना प्रभारी डीके त्यागी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई थी देरी से सूचना मिलने के कारण आरोपी शहर से निकलने में कामयाब हो गए। पुलिस की कार्रवाई चल रही है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




