बुलंदशहर 23 दिसंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर पहासू थाने में तैनात दरोगा राजबहादुर राठी एवं हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने आज यहां कहा कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ है जिसमें दरोगा राजबहादुर राठी हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह एक कमरे में बैठे नजर आ रहे हैं और उनके सामने मेज पर शराब की एक बोतल रखी है । वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को थाने से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया है और पूरे मामले की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी शिकारपुर गोपाल सिंह को सौंपी है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



