17.5 C
Muzaffarnagar
Sunday, November 8, 2026

कुशीनगरः सरकार के आदेश का उल्लंघन कर रहे पकड़े गए 2 विद्यालय, एक पर हुई कार्रवाई

कुशीनगर 22 दिसंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में नेबुआ नौरंगिया विकास खंड के देवतहा बाली में शासन के निर्देश का उल्लंघन कर चलाये जा रहे दो विद्यालयों की एसडीएम खड्डा अरविंद कुमार ने जांच की।
एक स्कूल में बच्चे पढ़ते हुये मिलने पर उसे सील कर बीएसए समेत डीएम को पत्र लिखकर स्कूल संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया जबकि दूसरा स्कूल संचालक एसडीएम के पहुंचने के पूर्व विद्यालय बंद कर फरार हो गया। उसे एसडीएम ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सरकार ने कक्षा एक से आठ तक के विद्यालयों को बन्द रखने का आदेश जारी किया है। इसका पालन खड्डा तहसील क्षेत्र में संचालित कुछ विद्यालय नहीं कर रहे हैं। इसकी शिकायत कुछ अभिभावकों ने एसडीएम खड्डा अरविंद कुमार से की। एसडीएम ने सोमवार को तहसील क्षेत्र के देवतहाबाली स्थित संचलित एमएमडी चिल्ड्रेन एकडेमी की जांच की। जहां शासन के आदेश के बावजूद विद्यालय में छोटे छोटे बच्चें पढ़ते हुये मिले। बच्चों ने एसडीएम को बताया कि वह पिछले कई महीनों से विद्यालय में पढ़ने के लिए आ रहे हैं। इसपर एसडीएम ने विद्यालय को सील करते हुए संचालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए एक रिपोर्ट तैयार कर बीएसए तथा डीएम को भेजी है । एसडीएम ने बताया कि कोविड-19 व अधिक ठंड के चलते कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों के संचालन पर सरकार ने रोक लगाई है । इसके बावजूद एक विद्यालय के जांच के दौरान पढ़ते हुये बच्चे मिले हैं। उसे सील कर रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि उस स्कूल के बगल में दूसरा स्कूल भी चल रहा था। वहां पर पहुंचने के पूर्व ही प्रबंधक बच्चों को छुट्टी कर अध्यापकों सहित फरार हो गया। उसे नोटिस जारी किया गया है ।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles