लखनऊ, 22 दिसंबर (बु.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर का एक माह का कार्यकाल पूरा हो चुका है, लेकिन अपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार सुबह मड़ियांव थाना क्षेत्र में डबल मर्डर ने इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां एक वृद्ध और उसकी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। वृद्ध लंबे वक्त से परिवार से अलग प्रेमिका संग लिव-इन-रिलेशन में रह रहा था। मामले में वृद्ध के तीन बेटे और दो पौत्रों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दरअसल पूरा मामला मड़ियांव थानाक्षेत्र के केशवनगर का है। बताया जा रहा है की राम दयाल की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी। राम दयाल के परिवार में पहली पत्नी से तीन बेटे और दो पौत्र हैं। इंस्पेक्टर मड़ियांव विपिन कुमार सिंह के मुताबिक, पहली पत्नी की मौत के बाद से राम दयाल का शांति देवी के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। इसी बीच दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। राम दयाल के पास इटौंजा में सड़क किनारे दो बीघा जमीन थी। राम दयाल, शांति देवी के कहने पर वह जमीन थोड़ी-थोड़ी करके बेच रहा था। इस बात को लेकर बेटों और पौत्र से उसका विवाद चल रहा था। बेटे जमीन बेचने का विरोध कर रहे थें। राम दयाल अपने तीन बेटों और दो पौत्र से अलग रहने लगा। वहीं इंस्पेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि विवाद के दौरान जब राम दयाल के बेटों ने रुपयों की मांग की और बची हुई जमीन को न बेचने के लिए कहा। इसपर शांति देवी ने कहा कि वह उन्हें फूटी कौड़ी नहीं देगीं और न ही एक इंच जमीन देगी। इस पर सभी आग बबूला हो गए और उन्होंने दोनों को मार डाला। पांचों हत्यारोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।



