मिर्जापुर 19 दिसंबर (वार्ता) प्रभु राम की नगरी अयोध्या व कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा के बाद मां बिन्ध्यवासिनी की नगरी मिर्जापुर को नगर निगम बनाने की कवायद शुरू हो गयी है। यदि सब कुछ ठीक रहा तो शीघ्र ही मिर्जापुर नगरपालिका परिषद को नगरमहापालिका का ओहदा प्राप्त हो जायेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धार्मिक नगरो के विकास को प्राथमिकता में लिया है। अयोध्या मथुरा के बाद अब मां बिन्ध्यवासिनी देवी के धाम की ओर उनकी नज़र हैं। मिर्जापुर नगरपालिका को नगर निगम बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर के तर्ज पर बिन्ध्याचल धाम में कोरीडोर निर्माण कार्य भी शुरू किया गया है।अभी हाल ही में मिर्जापुर बिन्ध्याचल विशेष प्राधिकरण को समाप्त कर मिर्जापुर विकास प्राधिकरण ( एमडीए) का दर्जा दिया गया है। मिर्जापुर नगरपालिका परिषद को नगरमहापालिका का दर्जा देने की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने बताया कि नगर क्षेत्र से सटे हुए सात किलोमीटर एरिया को इसमें शामिल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम बनने के लिए आबादी के साथ कई अन्य मानकों का पूरा होना आवश्यक होता है। नगरपालिका अध्यक्ष ने बताया कि मिर्जापुर पालिका नगरनिगम बनने की सभी शर्तों को पूरा करता है। शासन स्तर से गाईड लाईन आयी है। उसे जिलाप्रशासन की सहायता से पूरा किया जा रहा है।
उपजिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निगम में की औपचारिकता पूरा करने का शासन से निर्देश आया है। इसमे शामिल किए जाने वाले गांवों की सूची नक्शा आदि का कोरम पुरा कर पत्रावली शीघ्र शासन को भेजी जानी है। इसके लिए कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि नगर के प्रस्तावित स्वरूप में अब नब्बे नये गांवों को शामिल करने की योजना है। जिसमें पश्चिम में अकोढी तक और दक्षिण में बरकछा और करनपुर चौकी पूरब की ओर गुरसण्डी तक उत्तर में गंगा पार पुरजागीर तक की सीमा निर्धारित की गयी है।
नगर निगम योजना के अनुसार सभी कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है । कभी पूरे प्रदेश में सफाई की दृष्टि से माडल रहे मिर्जापुर शहर को नगर निगम बनाये जाने की खबर से स्थानीय निवासियों में प्रसन्नता की लहर हैं। उन्हें लग रहा है कि नगर निगम बनने के बाद शहर के विकास में गुणात्मक परिवर्तन होगा।
इस बीच श्रेय लेने की होड़ भी शुरू हो गया है। अपना दल की सुप्रीमो एवं स्थानीय सांसद अनुप्रिया पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह हमारे मनिफेस्टो में रहा है। वहीं भाजपा के विधायक रत्नाकरमिश्र और नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष मनोज जायसवाल इसे अपनी सफलता बताने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। फिलहाल विकास प्राधिकरण, कोरीडोर के बाद अब नगरनिगम की सौगात से स्थानीय लोग हर्षित है।



