नयी दिल्ली 17 दिसंबर (वार्ता) कोराना वायरस का थमने का नाम नही ले रहा है। एक तरफ कोरोना मरीजों की संख्या में कमी देखने को मिल रही है तो वहीं दूसरी ओर कोरोना के कारण मौत का आंकड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। जिसके चलते देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी से महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और केरल में सबसे अधिक मौते हुई है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 95, उसके बाद पश्चिम बंगाल में 46, दिल्ली में 32 और केरल में 27 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से गुरूवार को जारी आंकड़ो के अनुसार संक्रमितों की संख्या 99.56 लाख से ज्यादा हो गयी है। वहीं 94.89 लाख से अधिक लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। नये मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या अधिक रहने से सक्रिय मामले घटकर 3.22 लाख रह गये हैं जबकि मृतकों की संख्या बढ़कर 1,44,451 हो गयी है।




