गोरखपुर, 13 दिसंबर,(बु.)। एसएसपी जोगेंद्र कुमार शनिवार की रात में पुलिस की चौकसी जांचने शहर में निकले। कंट्रोल रूम से कैंट सर्किल थानेदार व चौकी प्रभारी का लोकेशन लेने के बाद ड्यूटी पॉइंट पर पहुंचकर चेक किया। पोआरवी के जवान निर्धारित स्थान पर नहीं मिले। पुलिसकर्मियों को गाड़ी में आराम करते पकड़ने के बाद कप्तान ने फटकार लगाई। रात रात में एसएसपी साइकिल से जटेपुर पुलिस चौकी पहुंचे जहां प्रभारी और सिपाही ड्यूटी पॉइंट पर मुस्तैद मिलें। यहां से वह रेलवे स्टेशन की तरफ निकले तो बस अड्डे के पास खड़ी पीआरवी में पुलिसकर्मी आराम फरमाते मिले। कप्तान ने ड्यूटी पॉइंट पर ना होने की वजह पूछी तो घबराए सिपाहियों ने बताया कि चाय पीने आ गए थे। जिसके बाद एसएसपी ने फटकार लगाते हुए ड्यूटी पॉइंट पर भेजा और मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। रेलवे चौकी पहुंचने के बाद गाड़ी से मोहद्दीपुर पहुंचे वहां भी पीआरवी ड्यूटी पॉइंट पर नहीं मिली।चौकी प्रभारी और सिपाहियों को मुस्तैदी से गश्त करने का निर्देश देने के बाद पैडलेगंज, आजाद चौक, रामगढ़ताल होते हुए तारामंडल के रास्ते इंजीनियरिंग कालेज पुलिस चौकी पहुंचे। चौकी का निरीक्षण करने के बाद कैंट, खोराबार और रामगढ़ताल थानेदार और सभी चौकी प्रभारियों को बुलाकर मीटिंग ली। जिसमें उन्होंने निर्देश दिए कि रात में 10 बजे से सुबह चार बजे तक मुस्तैदी से गश्त करें। सीओ और थानेदार खुद भ्रमणशील रहें। चौकी प्रभारी अपनी जिम्मेदारी दारोगा को सौंप कर आराम न करें। चेकिंग में अगर पकड़े गए तो कार्रवाई होगी। उन्होंने लंबित विवेचना की समीक्षा भी की।



