मेरठ, 13 दिसंबर,(बु.)। कृषि कानूनों को लेकर चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में रविवार को पदयात्रा कर मेरठ मुख्यमंत्री से मिलने जाने को लेकर नगर में उत्सव मंडप के पास कालोनी में सपा युवजन सभा जिलाध्यक्ष दीपक गिरी के नेतृत्व में एकत्र कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर थाने पर हवालात में बैठा लिया। दरअसल किसान आंदोलन के समर्थन में विपक्षी दल भी आ रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को मेरठ में मुख्यमंत्री के आगमन पर सपाइयों ने पदयात्रा निकाल कर उनसे मिलने का कार्यक्रम बनाया। सपा युवजन सभा जिलाध्यक्ष दीपक गिरी के नेतृत्व में पदयात्रा के लिये सपा अनुसूचित जाति जनजाति के पूर्व प्रदेश सचिव किशोरपुर वाल्मीकि, मोनू पंवार, रबनवाज, कासिम जैदी, हारून समेत सात कार्यकर्ता सुबह लगभग 11 बजे उत्सव मंडप के पास दीपक गिरी कि आवास पर एकत्र हो रहे थे। इसकी भनक पुलिस को लग गई। सूचना पर थाना प्रभारी प्रेमचंद शर्मा पुलिस कर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचे और सपाइयों को हिरासत में लेकर थाने ले गए। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हवालात में बैठा लिया है।



