कानपुर, 9 दिसंबर(बु.)। शहर के बहुचर्चित संजीत यादव हत्याकांड को लेकर शुरुआत से ही समाजवादी पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भाजपा सरकार को घेरने में जुटे हुए हैं। बुधवार को अखिलेश यादव ने संजीत के परिवार वालों से मुलाकात की और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। बातचीत के दौरान जानकारी मिली कि सपा कार्यकर्ता यह भी अंदाजा लगा रहे हैं कि अखिलेश के आने से विधानसभा क्षेत्र में सपा का वर्चस्व बढ़ेगा क्योकी संजीत का घर गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में आता है। अखिलेश से पहले एसपी साउथ दीपक भूकर संजीत के पिता चमन यादव से मिले, इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपियों को सजा दिलवाने के लिए पूरी कोशिश कर रही है। अभी जांच खत्म नहीं हुई है, टीमें लगातार साक्ष्य जुटाने में लगी हैं।



