हरियाणा, 8 दिसंबर(बु.)। जेल में बंद कैदियों के पास से मोबाइल मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे है। दरअसल जेल के सुरक्षा कर्मियों द्वारा तलाशी के दौरान एक कैदी के पास से मोबाइल बरामद हुआ है। आरोपित ने जेल में ही बंद एक कैदी से 26 हजार की कीमत वाला मोबाइल 85 हजार में खरीदा था। जानकारी में सामने आया की मोबाइल से सात अन्य कैदी भी काॅल करते थे। भोंडसी थाना पुलिस ने जेल अधीक्षक की ओर से मिली शिकायत के बाद मामला दर्ज कर ली। पुलिस कॉल डिटेल निकाल कर यह पता लगाएगी की आरोपित किस-किस से बात करते थे। उनका संपर्क किसी बदमाश से तो नहीं था। क्योंकि पहले कई मामले सामने आ चुके हैं किजेल में बंद कैदी गैंगस्टरों से संपर्क में रहते हैं। सोमवार शाम करीब सात बजे जेल के सुरक्षा कर्मी कैदियों की तलाशी ले रहे थे तभी विचाराधीन बंदी राहुल की लोवर की जेब से मोबाइल मिला। पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसने मोबाइल दूसरे कैदी साहुन से खरीदा था। रकम राहुल के अलावा जेल में बंद सदरूदीन,इमरान, इस्ताक,इमरान पुत्र हुसैन, शाहीद, मोहम्द नदीम, मोहम्मद ईशा ने मिलकर 85 हजार की रकम दी थी। सभी बारी-बारी से मोबाइल से कॉल भी करते थे। अधिकतर समय मोबाइल राहुल के पास ही रहता था। वहीं सोचने वाली बात यह है की 24 घंटे पुलिस की निगरानी में रहने पर कैदी मोबाइल चार्ज कैसे करते थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है।



