हरियाणा, 8 दिसंबर(बु.)। रोहतक में भारत बंद को लेकर जनपद में मिलाजुला असर देखने को मिला। रोजाना की भांति शहर में कुछ बाजार खुले और चहल-पहल दिखी। कलानौर में भी कुछ ऐसी ही स्थिति रही। हालांकि सांपला कस्बे में बंद का कुछ असर रहा। सुबह के समय कुछ दुकानदारों ने दुकान खोली, लेकिन बाद में उन्हें भी बंद करा दिया गया। पुलिस-प्रशासन ने दावा किया था कि चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा, लेकिन ऐसा भी कुछ देखने को नहीं मिला। शहर में मुख्य बाजार से लेकर अन्य स्थानों पर पुलिसकर्मी नहीं दिखाए दिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मदीना टोल प्लाजा पर धरने देने का आह्वान कर रखा है। इसके अलावा मदीना और रोहतक-पानीपत हाईवे स्थित मकड़ौली टोल प्लाजा पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। वहां पर भी अभी तक स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। भारत बंद का कोई असर नहीं दिखाई दिया। उधर, भारतीय किसान यूनियन अंबावता के प्रदेशाध्यक्ष अनिल नांदल उर्फ बल्लू प्रधान ने पहले ही घोषणा कर रखी है कि 12 से 3 बजे तक रोहतक-सोनीपत हाईवे पर स्कोलर रोजरी स्कूल के नजदीक जाम लगाया जाएगा। इसे लेकर वहां पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा कई अन्य संगठनों ने भी जाम लगाने की चेतावनी दी है।



