दिल्ली, 8 दिसंबर(बु.)। इंडिया टीम के स्टार क्रिकेट खिलाड़ियों में शुमार रहे युवराज सिंह के पिता एक बार फिर अपने विवादित बयान की वजह से चर्चा में हैं, लेकिन इस बार मामला बेहद गंभीर है। दरअसल, दिल्ली-हरियाणा (सिंघु बॉर्डर) बॉर्डर पर पिछले दिनों किसानों के प्रदर्शन में शामिल होने के दौरान पूर्व क्रिकेटर और युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने बेहद आपत्तिजनक बयान दिया है, जिससे एक तबका बेहद खफा है। बताया जा रहा है कि योगराज सिंह ने एक खास समुदाय का नाम लेकर बेहद आपत्तिजनक बयान दिया है, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार करने तक की मांग उठने लगी है। आलम यह है कि ट्विटर पर’Arrest Yograj Singh’ ट्रेंड हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह के पिता योगराज किसान आंदोलन को समर्थन देने के लिए उनके बीच पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सिंघ बॉर्डर पर अपने भाषण के दौरान उन्होंने महिलाओं को लेकर भी विवादास्पद बयान दिया है। जिसको लेकर लोगों में खास आक्रोश दिखाई दे रहा है।



