दिल्ली, 7 दिसंबर(बु.)। कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में आम आदमी पार्टी बढ़-चढ़ कर भाग ले रही है। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान ने कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों द्वारा 8 दिसंबर के भारत बंद को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर भगवंत मान ने कहा कि यह मसला किसी एक राजनैतिक, धार्मिक या प्रांत के एक समुदाय का नहीं है, बल्कि पूरे देश के किसानों का है, जो अपने साथ-साथ अपने कृषि प्रधान देश के अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा। भगवंत मान ने मोदी सरकार को चेताया कि वह किसानों की हां में हां कहकर मामले का तुरंत निपटारा करे, वरना इस आंदोलन को लंबा खींचने का इरादा सरकार को ही उल्टा पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अपील पर देश के लोग आप समर्थक व आप कार्यकर्ता किसानों के भारत बंद को सफल बनाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कृषि और किसान के बगैर भारत माता के अस्तित्व की कल्पना नहीं की जा सकती और प्रत्येक नागरिक का फर्ज बनता है कि इस संघर्ष को बढ़चढ़ कर समर्थन दिया जाए। मान ने कहा कि कई लोग किसान आंदोलन को लेकर भयभीत हैं। वे कोशिश कर रहे है कि कैसे भी इस आंदोलन को कमजोर व खत्म किया जाए।



