आगरा, 7 दिसंबर(बु.)। कृषि कानून को लेकर किसानों आंदोलन लगातार जारी है। वहीं किसान आंदोलन को लगातार कई राजनीतिक पार्टीयों का समर्थन मिल रहा है। जिसके चलते किसानों की आवाज ओर बुलंद हो गई। वहीं किसान आंदोलन को लेकर किसानों के मंगलवार को भारत बंद के आह्वान का कांग्रेस ने समर्थन किया है। भारत बंद के समर्थन में शहर व जिला कांग्रेस द्वारा संयुक्त धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संसद द्वारा पारित तीन कृषि सुधार बिलों कृषक उपज व्यापार व वाणिज्य विधेयक, कृषक सशक्तीकरण व संरक्षण और कीमत आश्वासन व कृषि सेवा पर करार विधेयक, 2020 का विरोध किसानों द्वारा किया जा रहा है। किसान संगठनों ने मंगलवार को भारत बंद का आह्वान किया है। कांग्रेस संसद के अंदर और बाहर इन विधेयकों का विरोध कर रही है। पार्टी ने भारत बंद को समर्थन देने का निर्णय लिया है। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देशों पर संगठन सचिव अनिल यादव ने जिला व शहर अध्यक्षों को संयुक्त धरना-प्रदर्शन कर भारत बंद को सफल बनाने में याेगदान करने को कहा है।संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी जमीलुद्दीन कुरैशी ने बताया कि सुबह 11 बजे से कलक्ट्रेट का घेराव होगा। कड़कड़ाती ठंड में हमारे देश का किसान सड़कों पर उतरकर सोई हुई सरकार को जगाने का काम कर रहा है, लेकिन सरकार पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।



