7 दिसंबर(बु.)। उत्तर प्रदेश में लखनऊ के बाद अब पर्यटन नगरी आगरा की बहुप्रतीक्षित मेट्रो रेल परियोजना पर काम शुरू होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को यानी आज आगरा मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य का वर्चुअल शुभारंभ कर रहे हैं। 15वीं वाहिनी पीएसी परेड मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी भी ताजनगरी में पहुंच चुके हैं। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल इस कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शामिल हो रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास करेंगे। यहां पीएसी ग्राउंड में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और केंद्रीय शहरी आवास राज्यमंत्री हरदीप पुरी मौजूद रहेंगे। 379 करोड़ रुपये की लागत वाले इस आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट के शिलान्यास की तैयारियां पूरी कर ली गई हैैं। शहर में मेट्रो ट्रैक 30 किमी लंबा होगा। दिसंबर, 2022 में छह स्टेशनों में मेट्रो का संचालन शुरू होगा। पांच वर्ष में मेट्रो के दोनों कारिडोर बनकर तैयार हो जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर में दो घंटे रहेंगे।आगरा में इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ आगरा के सांसद, मेयर तथा योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल के कई सहयोगियों के साथ उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन के महानिदेशक कुमार केशव भी मौजूद रहेंगे। इस बड़ी योजना के पहले चरण को दिसंबर 2022 तक पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपीएमआरसी को निर्देश भी जारी कर दिया है। प्रथम चरण में दिसंबर 2022 तक इसकी सेवा सिकंदरा से ताज ईस्ट गेट तक शुरू हो जाएगी।




