22.3 C
Muzaffarnagar
Friday, November 6, 2026

हरियाणाः निगम चुनावों की तैयीरियों में जुटी कांग्रेस

हरियाणा, 05 दिसम्बर (बु.) । लंबे समय के बाद स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी में कांग्रेस दो-दो हाथ करने जा रही है। कांग्रेस अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगम के मेयर के साथ ही पार्षद पद के लिए भी अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। निकाय चुनावों का माहौल बनाते हुए हरियाणा कांग्रेस की प्रधान कुमारी सैलजा ने नए कृषि कानूनों के साथ ही गरीबों को सस्ते मकान नहीं मिलने और ग्यारहवीं व बारहवीं में दलित बच्चों के लिए संचालित पोस्ट मैट्रिक स्कालरशिप योजना के बंद होने के मुद्दे उठाए। वहीं पत्रकारों से वार्ता करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस मेयर के साथ ही पार्षदों का चुनाव भी पार्टी सिंबल पर लड़ेगी। इन चुनावों के लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में दलित वर्ग लगातार प्रताड़ित हो रहा है। केंद्र सरकार ने 11वीं और 12वीं कक्षा के दलित छात्रों की पढ़ाई को बढ़ावा देने के लिए चलने वाली पोस्ट मैट्रिक स्कालरशिप स्कीम बंद कर दी है जिससे यह बच्चे उच्च शिक्षा से वंचित रह जाएंगे। इस दौरान आंदोलनरत किसानों का समर्थन करते हुए हरियाणा कांग्रेस प्रधान ने कहा कि नए कानून किसानों के हित में नहीं। कांग्रेस के भारी विरोध के बाद भी केंद्र सरकार ने इन्हें संसद में पारित कराया और अपने पूंजीपति मित्रों के लिए कृषि क्षेत्र को लूटने के दरवाजे खोल दिए। हरियाणा में जजपा, निर्दलीय और भाजपा के जो विधायक किसानों के साथ हैं, उन्हें अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और सरकार से बाहर आना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर तीनों नए कानूनों को निरस्त कर दिया जाएगा।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles