राजधानी से अपहरण की एक अजीबो-गरीब घटना सामने आई है। दरअसल यहां मंडावली इलाके में हुई कारोबारी ज्ञानेश्वर शुक्ला के अपहरण की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। फिल्मी अंदाज में स्पेशल-6 ने मिलकर बॉलीवुड फिल्म स्पेशल-26 की तर्ज पर कारोबारी का अपहरण किया था और पांच लाख की फिरौती मांगी थी और तीन लाख मिलने के बाद कारोबारी को अपहरण के चार दिन बाद छोड़ दिया था। पुलिस ने ऑपरेशन चलाकर अपहरण में शामिल चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।बदमाशों की पहचान मुख्य आरोपित राजकुमार चौहान, इसके भाई राहुल और संतोष व गौरव के रूप में हुई है। इनके दो साथियों प्रदीप व रामतेज की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस ने बदमाशों के पास से एक कार, लैपटॉप, आठ मोबाइल फोन, खिलौने वाली बंदूक व फिरौती के रकम के 89 हजार रुपये बरामद किए हैं। बदमाश एनएसपी न्यूज नाम के यूट्यूब चैनल से जुड़े थे। जिला पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह ने बताया कि गत 24 नवंबर को दुर्गेश नाम के व्यक्ति ने अपने दामाद ज्ञानेश्वर के अपहरण की रिपोर्ट थाने में दर्ज करवाई थीं। जांच के लिए एसीपी डॉ. सचिन शर्मा की देखरेख में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार, एसआइ संजीत व अन्य की टीम बनाई। ऑपरेशन ज्ञान शुरू किया गया। जिसके चलते पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन के जरिए बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।



