दिल्ली, 05 दिसम्बर (बु.) । किसान आंदोलन में बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बॉर्डर पर हजारों किसानों के प्रदर्शन के चलते दिल्ली परिवहन निगम ने कुछ बसों के रूट में बदलाव किया है। रूट में यह परिवर्तन दिल्ली यातायात पुलिस की सलाह पर किया गया है। गौरतलब है कि फिलहाल डीटीसी की अंतरराज्यीय बसों का परिचालन बंद है। बॉर्डर पर हालात सामान्य होने के बाद बस सेवा को फिर दोबारा से शुरू किया जाएगा।वहीं डीटीसी के अनुसार, सिंघू बॉर्डर, टीकरी बॉर्डर, नोएडा लिंक रोड पर यातायात बुरी तरह से प्रभावित है। जाम की स्थिति पैदा नहीं हो, उसके मद्देनजर स्थानीय और यातायात पुलिस के परामर्श पर कुछ बसों के रूट में बदलाव किया है। यात्रियों की सुविधा के लिए उन बिंदुओं पर यातायात पर्यवेक्षक कर्मियों को तैनात किया गया है, जिससे यात्रियों को हर संभव मदद मिल सकें। डीटीसी यात्रिय़ों से अनुरोध करती है कि इस परिस्थिति में डीटीसी का सहयोग करें। बता दें कि दिल्ली के बॉर्डर पर पिछले 9 दिन से पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के किसानों का प्रदर्शन जारी है। इसके चलते रोजाना लाखों वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसके चलते डीटीसी ने बस रुट बदल दिए।



