उत्तर प्रदेश, 01 दिसम्बर (बु.)। इस समय पूरा विश्व कोरोना महामारी से जूझ रहा है। वही भारत में भी कोरोना के मामले दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे है। जो प्रशासन के लिए चिंता का विषय बना हुआ है. जिसके चलते उत्तर प्रदेश में गत 24 घंटो में कोविड-19 (COVID-19) से 19 मरीजों की मौत हो गई जिन्हें मिलाकर प्रदेश में इस महामारी से अब तक कुल 7,761 लोगों की जान जा चुकी है. वहीं, इस अवधि में 2,044 नए मामले सामने आने के बाद अब तक प्रदेश में कुल 5,43,888 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है. स्वास्थ्य विभाग (Health Department) द्वारा सोमवार को जारी बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटो में हुई 19 मौतो में से सर्वाधिक चार लखनऊ में हुई हैं जबकि जिले में 296 नए मामले सामने आए हैं.

जानकारी के अनुसार लखनऊ के अलावा मेरठ में 174, गाजियाबाद में 168, वाराणसी में 123, कानपुर 106 और गौतमबुद्ध नगर में 100 नए मामले सामने आए हैं. बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटो में 2,472 रोगी ठीक हुए हैं. इस तरह प्रदेश में अब तक 5,12,028 रोगी स्वस्थ हो चुके हैं. विभाग के मुताबिक, इस समय प्रदेश में उपचाराधीन रोगियों की संख्या 24,099 है. बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में एक लाख 52 हजार नमूनों की कोविड-19 जांच की गई.




