मुरादाबाद, 01 दिसम्बर (बु.)। कहा जाता है की पिता बच्चों के लिए भगवान का रूप होता है लेकिन जब वहीं पिता अपने बच्चों के लिए शाप बन जाये तो बच्चों का दुनिया से तो क्या भगवान से भी विशवास उठा जाता है, ऐसा ही एक मामला मुरादाबाद से सामने आया है जहाँ एक पिता ने पिता-पुत्री के रिश्ते को शर्मसार कर दिया।

दरअसल अपनी ही बेटियों की इज्जत से खेलने वाले एक पिता का सोमवार को सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया। आरोपित का गांव में हुक्का पानी भी बंद कर दिया गया। लाडडस्पीकर के माध्यम से इसका एलान भी कर दिया गया। दरअसल पिता ने पहले बड़ी बेटी के साथ हैवानियत की। इसके बाद उसे धमकाकर चुप करा दिया। इसके बाद छोटी बेटी के साथ भी वही हरकत की। राज खुलने पर दोनों बहनें पिता के खिलाफ खड़ी हो गईं।

घटना भोजपुर थाना क्षेत्र की है। हालांकि, दुष्कर्म का यह सनसनीखेज प्रकरण पुलिस के संज्ञान में नहीं है। उधर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने कहा कि पीडि़ताओं के बयान के आधार पर आरोपित पिता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। घटना की तह तक जाने के आदेश भोजपुर पुलिस को दिए गए हैं। भोजपुर थाना क्षेत्र में एक गांव की रहने वाली किशोरी से उसी का पिता बीते दो वर्षों से दुष्कर्म कर रहा था। आरोपित पिता ने अपनी बेटी को जुबान न खोलने की धमकी देकर उसेे चुप करा दिया। इस बीच पीड़िता को पता चला कि कामांध पिता ने छोटी बहन की भी आबरू लूट ली है। इसके बाद पीड़िता बागी बन गई। उसने मां को पूरी सच्चाई बता दी। महिला ने जब पति से शिकायत की तो उसे बेरहमी से पीटा गया। जान से मारने की धमकी देकर आरोपित ने उन्हें डरा दिया। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी घर की इज्जत का हवाला देकर चुप रहने का दबाव बनाया। इसके बाद महिला बेटियों को साथ लेकर मूंढापांडे क्षेत्र में मायके चली गई। इसके बाद मामले को लेकर पंचायत बैठी। पंचायत में दोनों लड़कियों को बुलाया गया। उन्होंने पिता की काली करतूत से पंचायत को अवगत कराया। ग्रामीणों ने पीड़ित बहनों को थाने जाने की सलाह दी। ग्रामीणों ने आरोपित का हुक्का पानी बंद करने का एलान कर दिया। माइक के जरिए इसका एलान भी कर दिया गया।



