सहारनपुर, 27 मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आरक्षण सूची में बदलाव नहीं होने से जिले में 884 गांवों में से 298 गांवों की प्रधान महिलाएं होंगी। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने शनिवार को बताया कि आरक्षण की सूची में कोई भी संशोधन नहीं किया गया है। जिले में पंचायत चुनाव पहले चरण में 15 अप्रैल को होंगे जिसके लिये तीन और चार अप्रैल को नामांकन होगा। दो मई को नतीजे आएंगे। उन्होने बताया कि 776 आपत्तियां आई थीं जिन्हें खारिज कर दिया गया।
उन्होने मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के बाद स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्र पर शौचालय, कोविड डेस्क, पीने की पानी की व्यवस्था, रोशनी आदि का माकूल इंतजाम हो। उधर, मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने अपने शिविर कार्यालय पर आयोजित बैठक में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के जिलाधिकारियों से कहा कि वे संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का लगातार मुआयना करें। मतदान केंद्रों पर पीने के पानी, शौचालय, बिजली एवं भवन की समुचित व्यवस्था कराने, जिन मतदान केंद्रों पर शौचालय खराब हैं उन्हें ठीक कराया जाए।
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर कोविड हेल्प डेस्क बनाई जाए और जिला स्तर पर शिकायत प्रकोष्ठ का गठन किया जाए। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस की चाकचौबंद व्यवस्था रहे।


