हरियाणा, 03 फरवरी (बु.)। सिरसा में शाह सतनाम बॉयज कॉलेज में जॉब करने वाले व्यक्ति के बैंक खाते में से एक लाख 49 हजार 463 रुपये निकल गए। इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी। जिसके बाद सिविल लाइन पुलिस ने शाह सतनाम पुरा निवासी गुरसेवक सिंह नामक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित ने शिकायत में बताया कि आरोपित ने उसका मोबाइल व एटीएम लेकर उसके बैंक खाते में से नकदी निकाल कर उसे चपत लगाई है। पुलिस को दी शिकायत में फतेहाबाद के गांव कुकड़ांवाली निवासी बलविंद्र सिंह ने बताया कि वह शाह सतनाम बॉयज स्कूल में नौकरी करता है और उसका बैंक खाता पीएनबी बैंक की बेगू रोड शाखा में हैं। बीती 30 दिसंबर 2020 को जब उसे रुपयों की जरूरत थी तो वह एटीएम में गया। एटीएम मशीन में जब पिन नंबर मांगा तो उसने पुराना भूल जाने के कारण नया पिन नंबर भर दिया लेकिन एटीएम मशीन बार बार पिन मांग रही थी। जिसके बाद उसने गुरसेवक से संपर्क किया। आरोपित ने उसे बताया कि वह दिल्ली पुल के पास जॉब करता है वहां आ जाओ। इसके बाद वह वहां पहुंचा तो आरोपित ने उससे उसका मोबाइल व एटीएम कार्ड लिया और बताया कि उसकी समस्या का समाधान हो गया, अब दोबारा पिन नहीं मांगेगा।नया पिन 7777 लगा दिया है। इसके बाद जब उसने एटीएम में जाकर जांच की तो उसके बैंक खाते में रुपये नहीं थे। पीड़ित ने बताया कि इस बारे में उसने जांच की तो पता चला कि आरोपित ने उसके बैंक खाते में से रुपये निकलवाए थे। जब उसने उससे पूछताछ की तो वह उसे धमकियां देने लगा। पीड़ित ने बताया कि उसके खाते में से पेटीएम के माध्यम से तीन जनवरी को एक लाख 19 हजार 463 रुपये निकाले गए। इसके बाद एक खाते में 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। पीड़ित के बयान पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज क जांच शुरू कर दी है। खैरपुर पुलिस चौकी के एएसआइ सत्यवीर सिंह मामले की जांच कर रहे हैं



