दिल्ली, 10 फरवरी (बु.)। मानसरोवर पार्क इलाके में मोटरसाइकिल सवार एक बदमाश को छात्रा से मोबाइल झपटना भारी पड़ गया। बदमाश छात्रा से मोबाइल झपटकर भागने लगा, लेकिन छात्रा ने बहादुरी दिखाते हुए स्कूटी सवार युवक से मदद लेकर उसका पीछा किया। कुछ ही दूरी पर जाकर उसे दबोच लिया। छात्र ने अपना मोबाइल बदमाश से वापस लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। बदमाश की पहचान अभिषेक के रूप में हुई है। पुलिस ने बदमाश की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार छात्रा हिमानी मलिक मूलरूप से उत्तर प्रदेश के शामली की रहने वाली हैं। फिलहाल, वह मानसरोवर पार्क इलाके में रहकर पुलिस भर्ती के लिए होने वाली प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। सोमवार शाम के वक्त वह मेट्रो स्टेशन से पैदल अपने घर जा रही थी। जब वह जीटी रोड अंडरपास के पास पहुंचीं तभी उनके एक जानकार का फोन आ गया, वह बात करने लगीं। इसी दौरान पीछे से एक मोटरसाइकिल सवार बदमाश आया और मोबाइल झपटकर भागने लगा। वह डरी नहीं और एक स्कूटी सवार से मदद ली और बदमाश का पीछा किया। थोड़ी दूरी पर जाकर हिमानी ने बदमाश को पकड़ लिया। शोर शराबा सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने बदमाश की पिटाई कर दी। बाद में पुलिस को सौंप दिया।



