26.1 C
Muzaffarnagar
Monday, November 9, 2026

गोरखपुरः हाइटेंशन लाइन का तार टूटने से क्षेत्र में मचा हड़कंप

गोरखपुर, 11 फरवरी (बु.)। एफसीआइ पारेषण उपकेंद्र से बाबा राघवदास मेडिकल कालेज उपकेंद्र को जाने वाली 33 हजार की लाइन का तार करीमनगर में टूट गया। तेज धमाके के साथ तार गिरा तो अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि तार टूटते ही आपूर्ति ठप हो गई नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। तकरीबन साढ़े तीन घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान मेडिकल कालेज के वार्डों और हास्टल को जेनरेटर से आपूर्ति दी गई। बिजली न रहने से तकरीबन 15 हजार घरों में अंधेरा छाया रहा। मेडिकल कालेज उपकेंद्र को एफसीआइ पारेषण उपकेंद्र से बिजली दी जाती है। करीमनगर होते हुए मेडिकल कालेज उपकेंद्र तक 33 हजार वोल्ट की लाइन बनाई गई है। अचानक मेडिकल कालेज उपकेंद्र में तकनीकी दिक्कत के कारण केबल में आग लग गई। अभी कर्मचारी कुछ समझ पाते कि करीमनगर में एक तार टूटकर गिर गया। शुरू में बिजली गुल होने का कारण केबल का जलना माना गया लेकिन करीमनगर के नागरिकों ने तार गिरने की सूचना दी तो निगम के अफसर सक्रिय हो गए। नगरीय विद्युत वितरण खंड चतुर्थ राप्तीनगर के अधिशासी अभियंता मुदित तिवारी ने बताया कि तार टूटने और केबल जलने की जानकारी के बाद दो टीमों को काम पर लगाया गया। रात होने के कारण करीमनगर में काम करने में दिक्कत हुई। बिजलीकर्मियों ने काफी प्रयास कर किसी तरह तार को पोल पर चढ़ाया। शाम को बिजली गुल होने के कारण मेडिकल कालेज से जुड़े इलाकों में शाम को ही दुकानें बंद होने लगीं। जिन दुकानों में इन्वर्टर था वही खुली रहीं। घरों में अंधेरा होने के कारण कई लोग बाहर सड़क किनारे टहलते रहे। पानी का संकट खड़ा होने के कारण नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles