कानपुर, 09 फरवरी (बु.)। लॉकडाउन के दौरान शुरू हुई ऑनलाइन क्लासेज को साइबर अपराधी निशाना बना रहे हैं। इसकी जानकारी तब हुई, जब छात्राओं व शिक्षिकाओं के पास अंजान नंबरों से फोन आने शुरू हुए। कई छात्राओं ने बदनामी व अभिभावकों की डांट से बचने के लिए किसी को नहीं बताया। कुछ ने साहस करके पुलिस से शिकायत की, लेकिन आरोपित अब तक नहीं पकड़े जा सके हैं। दिसंबर में रेलबाजार की छात्रा ने साइबर सेल में फेसबुक पर फर्जी आइडी बनाने की शिकायत की थी। पुलिस अब तक आइडी बनाने वाले का यूनिफॉर्म रिसोर्स लोकेटर (यूआरएल) भी पता नहीं कर सकी है। इसी तरह 11वीं कक्षा की एक छात्रा ने भी साइबर सेल में इसी तरह की शिकायत की। अभी उसकी जांच चल रही है। कोहना थाने में दर्ज मुकदमे में पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच तो शुरू की, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली।



