आगरा, 11 फरवरी (बु.)। नए कृषि कानूनों के विरोध को मुखर करने और किसान आंदोलन को धार देने के लिए रालोद भी जिलास्तर पर महापंचायत कर रही है। इसी क्रम में 13 फरवरी को आगरा के अकोला क्षेत्र में रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी किसानों को आश्वस्त करेंगे के पार्टी उनके साथ है और केंद्र सरकार पर निशाना साधेंगे। महापंचायत को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक रखी है। वह गांव-गांव जाकर संपर्क कर रहे हैं।रालोद पदाधिकारी किसानों को बता रहे हैं, कि उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का काम किया जा रहा है। सरकार किसानों पर दबाव बना कानून थोपना चाहती है। किसानों के साथ संगठन कंधे से कंधा मिला खड़ा है। किसानों का अहित नहीं होने दिया जाएगा। रालोद पदाधिकारियों ने कराहरा, गढ़सानी, सुतेडी, खलऊआ, गामरी, कागारोल, नगरा जोधना आदि विभिन्न गांव का दौरा किया। उन्होंने कई स्थानों पर चौपाल लगा लोगों को अकोला में जुटने का आह्वान किया है। इस दौरान सुरेंद्र सिंह रावत, चौधरी गोपीचंद जयपाल सिंह खिरवार, लोचन चौधरी, कृष्ण वीर सिंह, चौधरी नेम सिंह आदि मौजूद थे। कप्तान सिंह चाहर और नरेंद्र धनगर ने भी दर्जनभर गांव में संपर्क किया। महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला ने अछनेरा, सींगना, लोहकरेरा, कुकथला अादि गांव में सपंर्क अभियान चलाया। इस दौरान सत्यवीर रावत, तालेवर, प्रवीन माहौर, राजन आदि मौजूद थे।



