वाराणसी, 17 जनवरी (बु.)। पीएम के संसदीय क्षेत्र को उनके गृह जनपद से जोड़ने के लिए नई ट्रेन को पीएम नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए ऑनलाइन हरी झंडी दिखाएंंगे। वाराणसी से केवड़िया के जुड़ने के साथ ही स्टूच्यू आफ यूनिटी से काशी के लोग जुड़ जाएंगे तो वहीं गुजरात के लोगों के लिए काशी आना आसान होगा। प्रधानमंत्री ऑनलाइन माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर काशीवासियों को ‘काशी से केवड़िया सुपरफास्ट ट्रेन’ की सौगात देंगे। यह ट्रेन सुबह 11.12 बजे कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से गुजरात के लिए हरी झंडी मिलते ही रवाना हो जाएगी। इस बाबत पीएम ने सोशल मीडिया पर बताया कि अब आप स्टेच्यू आफ यूनिटी रेल से भी पहुंच सकते हैं। इस विशेष कार्य के लिए कार्यक्रम जल्द ही शुरू होगा, केवड़िया रेलवे स्टेशन की झलकियां भी पीएम ने शेयर की है। वहीं ट्रेन रवाना होने से पूर्व रेलमंत्री का भी संबोधन हुआ। इस दौरान डॉक्यूमेंट्री के जरिए लोगों को केवड़िया पर्यटन स्थल की जानकारी दी गई। एक भारत श्रेष्ठ भारत की कल्पना साकार करते हुए चार राज्यों को जोड़ने वाली काशी केवड़िया एक्सप्रेस का वृत्तचित्र दिखाया गया। इसके बाद ट्रेन को हरी झंडी मिलते ही ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ 11.20 बजे ट्रेन रवाना हुई। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने इन ट्रेनों को शुरू करने की मंशा के बारे में भी बताया।



