17.6 C
Muzaffarnagar
Monday, November 9, 2026

मोदी:सबसे तेज़ी से हो रहा है भारत में टीकाकरण

नयी दिल्ली 31 जनवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि काेरोना महामारी के खिलाफ भारत का संघर्ष दुनिया भर में एक मिसाल बना है और अब टीकाकरण का अभियान में एक उदाहरण बन रहा है। श्री मोदी ने रविवार को आकाशवाणी पर अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘ मन की बात’ के दूसरे चरण के 20 वें संस्करण में कहा कि इस साल की शुरुआत के साथ ही कोरोना के खिलाफ हमारी लड़ाई को भी करीब-करीब एक साल पूरा हो गया है। जैसे कोरोना के खिलाफ भारत की लड़ाई एक उदाहरण बनी है, वैसे ही, अब, हमारा टीकाकरण कार्यक्रम भी, दुनिया में, एक मिसाल बन रहा है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा कोविड टीकाकरण कार्यक्रम चला रहा है। उन्होंने कहा कि संकट के समय में भारत, दुनिया की सेवा इसलिए कर पा रहा है, क्योंकि, भारत, आज, दवाओं और वैक्सीन को लेकर सक्षम है, आत्मनिर्भर है। यही सोच आत्मनिर्भर भारत अभियान की भी है। भारत, जितना सक्षम होगा, उतनी ही अधिक मानवता की सेवा करेगा, उतना ही अधिक लाभ दुनिया को होगा। उन्होंने कहा, “ और भी ज्यादा गर्व की बात क्या है ? हम सबसे बड़े टीकाकरण के साथ ही दुनिया में सबसे तेज गति से अपने नागरिकों का टीकाकरण भी कर रहे हैं। सिर्फ 15 दिन में, भारत, अपने 30 लाख से ज्यादा, कोरोना योद्धाओं का टीकाकरण कर चुका है, जबकि, अमेरिका जैसे समृद्ध देश को, इसी काम में, 18 दिन लगे थे और ब्रिटेन को 36 दिन।” प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में निर्मित वैक्सीन आज, भारत की आत्मनिर्भरता का तो प्रतीक है ही, भारत के, आत्मगौरव का भी प्रतीक है। उन्होंने उत्तरप्रदेश के भाई हिमांशु यादव और मदुरै से कीर्ति के पत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘मेड इन इंडिया वैक्सीन’ से मन में एक नया आत्मविश्वास आ गया है। कई विदेशी संदेश भेजकर भारत का शुक्रिया अदा कर रहे हैं। भारत ने जिस तरह कोरोना से लड़ाई में दुनिया की मदद की है, उससे भारत के बारे में, उनके मन में, इज्जत और भी बढ़ गई है। श्री मोदी ने कहा, “ आजकल मुझे भी अलग-अलग देशों के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्रियों की तरफ से भारत के लिए ऐसे ही संदेश मिलते हैं। आपने भी देखा होगा, अभी, ब्राज़ील के राष्ट्रपति ने, ट्वीट करके जिस तरह से भारत को धन्यवाद दिया है, वो देखकर हर भारतीय को कितना अच्छा लगा। हजारों किलोमीटर दूर, दुनिया के दूर-सुदूर कोने के निवासियों को, रामायण के उस प्रसंग की इतनी गहरी जानकारी है, उनके मन पर गहरा प्रभाव है – ये हमारी संस्कृति की विशेषता है।”

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles