प्रयागराज, 19 जनवरी (बु.)। मौसम के मिजाज में दिन प्रतिदिन कुछ नया देखने को मिल रहा है। अजब – गजब बदलाव के बीच शहर में ठंड का आलम शिमला जैसे हो गया है। पहाड़ों से आ रही हवावों ने गलन में खूब इजाफा किया है। हालांकि बीते दिनों की अपेक्षा कोहरे ने थोड़ी राहत बरती है। मौसम विभाग के अनुसार ठंड के साथ शीतलहर का का क्रम जारी रहेगा। आगामी तीन दिन के भीतर बारिश के आसार हैं। दो दिनों तक कोहरे की सघनता में कमी देखने को मिलेगी। सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आद्रता की बात करें तो अधिकतम 92 और न्यूनतम 68 मापी गई। मंगलवार को तापमान न्यूनतम दस डिग्री तक जाने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आगामी दिनों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की वर्षा होने या ओलावृष्टि होने की आशंका है।




