17.6 C
Muzaffarnagar
Monday, November 9, 2026

परमार-किसानों की हितैषी है प्रदेश सरकार

शाजापुर, 31 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) एवं सामान्य प्रशासन राज्यमंत्री इंदरसिंह परमार ने कहा है कि प्रदेश सरकार किसान हितैषी है और उनके कल्याण के लिए सदैव तत्पर है। श्री परमार ने शाजापुर जिला मुख्यालय पर कल संपन्न हुए मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत किसानों के खाते में 2-2 हजार रूपये वितरण कार्यक्रम में कहा कि प्रदेश की सरकार कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर एवं कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। किसानों को कम लागत पर ज्यादा उत्पादन प्राप्त हो तथा उन्हें उपज का सही दाम आधारभूत सुविधाएं, आधुनिक तकनीक से खेती आदि की सुविधा एवं प्रशिक्षण मिले, इसके लिए प्रदेश सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यह राशि उन किसानों को प्रदान की गई है, जो पहली बार में छूट गये थे। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के संबंध में उन्होंने बताया कि बीमा कराना किसानों की इच्छा पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि किसान स्वैच्छा से अपनी फसलों का बीमा करा सकते हैं। प्रदेश सरकार किसानों के लिए संवेदनशील है। सोयाबीन की फसलों को कीट व्याधि से हुये नुकसान के लिए 306 करोड़ रूपये का राहत पैकेज सरकार ने दिया है, जिसमें से 100 करोड़ रूपये किसानों के खाते में डाल दिये गये हैं, 206 करोड़ रूपये बकाया हैं। किसानों के लिए छोटे-छोटे कोल्ड स्टोरेज बनाने के लिए सरकार द्वारा ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। किसान बिचोलियो एवं दलालो की बजाय अपनी उपज को सीधे बाजार में बेच सकता है, जिससे किसानों को अतिरिक्त फायदा होगा। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा किसानों के कल्याण के लिए बनाये गये कानूनों को किसानों के लिए फायदेमंद बताया है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles